सिडनी, 17 जनवरी (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा है कि त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मैच में आस्ट्रेलिया से मिली हार के बावजूद उनकी टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और सकारात्मक बदलाव के साथ अगले मैच में मुकाबले के लिए उतरेगी।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार मोर्गन इंग्लैंड के गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुश हैं।
मोर्गन ने कहा, “हमारे लिए इस मैच में कुछ सकारात्मक बाते सामने आई हैं। गेंदबाजों ने 234 रनों के छोटे लक्ष्य को बचाने के लिए जैसा प्रदर्शन किया वह सराहनीय है।”
क्रिस वोक्स की विशेष तारीफ करते हुए मोर्गन ने कहा वह अब पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि वोक्स ने पहले मैच में 40 रन देकर चार विकेट लिए थे जिसने शतक लगाने वाले आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर का विकेट भी शामिल है।
मोर्गन ने भी इस मैच में 121 गेंदों में 136 रनों की शतकीय पारी खेली जिसकी मदद से इंग्लैंड 33 पर शुरुआती चार विकेट गंवा देने के बावजूद 234 रनों तक पहुंचने में कामयाब रहा।
मोर्गन ने कहा कि खराब शुरुआत के बावजूद टीम की वापसी करने की कोशिश एक अच्छा संकेत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath