‘इंडियन आईडल’ में नेहा कक्कड़ की वापसी

मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़ ‘इंडियन आईडल’ में वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वह एक प्रतिभागी नहीं, बल्कि निर्णायक के तौर पर इस शो में वापसी कर रही हैं।

गायिका ने आईएएनएस को दिए एक बयान में कहा, “मैं भारतीय टेलीविजन के गायन प्रतिभा खोज के लिए तैयार किए गए सबसे बड़े मंच के साथ जुड़कर काफी उत्साहित और रोमांचित हूं। यहां एक प्रतिभागी के तौर पर शामिल होकर मेरे करियर की शुरुआत हुई थी और अब मैं एक निर्णायक के रूप में इसमें नजर आऊंगी।”

नेहा ने कहा, “जीवन सही मायने में एक चक्र के समान है। मैं सच में ‘इंडियन आईडल’ में निर्णायक बनने के प्रस्ताव का इंतजार कर रही थी। इसी मंच पर एक समय पर किसी निर्णायक के सामने होने और अब एक निर्णायक होने का अनुभव मेरे लिए यादगार होगा।”

साल 2006 में नेहा इसी शो में एक प्रतिभागी के रूप में नजर आई थीं। उस समय को याद करते हुए गायिका ने कहा, “मुझे अब भी शीर्ष-10 में शामिल होने का वह उत्साह याद है। एक गायिका के रूप में मुझे नई पहचान देने और मेरे करियर को बनाने का श्रेय मैं पूरी तरह से ‘इंडियन आईडल’ को दूंगी।”

इस शो में नेहा के साथ गायक और संगीतकार विशाल ददलानी भी निर्णायक के रूप में नजर आएंगे। इस शो का प्रसारण टेलीविजन चैनल ‘सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन’ पर होगा। ऑडीशन देश के कई शहरों में होगा और इसकी शुरुआत एक मई को जयपुर से होगी।

संगीतकार अनु मलिक भी इस शो में निर्णायक के रूप में वापसी से उत्साहित हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493