इंडोनेशिया ओपन से बाहर हुईं सायना

जकार्ता, 3 जून (आईएएनएस)। इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल की हार के साथ ही इस टूर्नामेंट में भारत का सफर खत्म हो गया है।

महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में सायना को विश्व की नंबर-1 महिला खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिना मारिन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

स्पेन की खिलाड़ी ने इस्टोरा गेलोरा बुंग कार्नो स्टेडियम में खेले गए मैच में सायना को 24-22, 21-11 से हराया। यह मुकाबला महज 47 मिनट तक चला।

पहले गेम में सायना 7-13 से पीछे चल रहीं थीं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने वापसी की और 16-14 की बढ़त ले ली। उन्होंने इस बढ़त को कायम रखते हुए स्कोर 19-16 किया, लेकिन अंतिम समय पर वह कुछ गलतियां कर बैठीं, जिसका फायदा स्पेन की खिलाड़ी ने उठाया और गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में कैरोलिना ने एक तरफा खेल दिखाया और शुरुआत में ही 4-1 की बढ़त ले ली। सायना उनके शानदार खेल के आगे बेबस नजर आ रहीं थी।

स्पेन की खिलाड़ी ने अपनी बढ़त को बढ़ाते हुए 11-5 कर लिया और इसके बाद बढ़त को कायम रखते हुए सायना को मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।

कैरोलिना अपने अगले मुकाबले में विश्व की नंबर-3 खिलाड़ी चीन की यिहान वांग से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493