नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को जोर देते हुए कहा कि मथुरा में हिंसा उत्तर प्रदेश में ध्वस्त कानून-व्यवस्था का जीता जागता सबूत है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, “उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मथुरा केवल एक छोटा सा शहर नहीं है। यह क्षेत्र का एक केंद्र है, जहां भारी मात्रा में हथियार तथा विस्फोटकों को इकट्ठा किया गया। स्थानीय प्रशासन को कैसे इसकी भनक नहीं लगी? इस तरह की गलती कैसे हो सकती है।”
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना स्थानीय प्रशासन के संज्ञान के बिना नहीं हो सकती।
मथुरा के जवाहरबाग में अतिक्रमण हटाने गए पुलिस दल व अतिक्रमणकारियों के बीच गुरुवार शाम झड़प में दो पुलिस अधिकारियों सहित 24 लोग मारे गए हैं।
पात्रा ने कहा कि वहां जो भी हथियार बरामद हुए, वे वहीं नहीं बने थे, बल्कि उन्हें कई जांच चौकियों व पुलिस नाके को पार कर वहां लाया गया था।
उन्होंने कहा, “या फिर प्रत्येक जांच चौकी पर रिश्वत लेकर इन हथियारों को जाने दिया गया होगा।”
पात्रा ने कहा, “राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के रिकॉर्ड के मुताबिक, राज्य में जब से समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनी है, पुलिसकर्मियों पर हमलों के मामले तीन गुना तक बढ़ गए हैं। साल 2014-15 के दौरान पुलिस पर 300 हमले हुए। वहीं पिछले एक साल में पुलिसकर्मियों पर 1,054 हमले हुए। जो सुरक्षा बल खुद अपनी सुरक्षा नहीं कर सकते वह लोगों की सुरक्षा कैसे करेंगे?”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन न करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
पात्रा ने यह भी कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश सरकार की हर संभव मदद करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हालात पर वह नजर बनाए हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath