जकार्ता, 22 मई (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में स्थित माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी के फटने से निकले गर्म धुएं से तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।
राष्ट्रीय आपदा शमन एजेंसी के जनसंपर्क प्रमुख सुतोपो पुर्वो नुगरोहो ने शनिवार को कहा, “माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी से निकले गर्म धुएं ने एक बार फिर जानें ली हैं।”
मारे गए लोग माउंट सिनाबुंग से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित गैम्बर गांव के निवासी थे और हादसे के वक्त खेतों में काम कर रहे थे।
हालांकि उन्हें वहां नहीं होना चाहिए था। सिनाबुंग से गैम्बर गांव की निकटता के चलते यह गांव खतरा क्षेत्र में आता है और इसके अधिकांश बाशिंदे अर्से पहले इसे छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले गए थे।
सुतोपो ने कहा कि कुछ ग्रामीणों ने पाबंदी की अनदेखी की और गांव में रहकर खेती करते रहे।
गर्म धुएं से इलाके के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
सुतोपो ने कहा, “माउंट के शीर्ष से तीन किलोमीटर की परिधि के भीतर लोगों और पर्यटकों/आगंतुकों को किसी भी गतिविधि को अंजाम देने की इजाजत नहीं है। दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी इलाकों में रह रहे लोगों के माउंट के शीर्ष के करीब सात किलोमीटर, जबकि उत्तर व पूर्वोत्तर इलाकों में रह रहे लोगों के माउंट के शीर्ष की चार किलोमीटर की परिधि में जाने पर मनाही है।”
dharmpath.com dharmpath