इंदिरा गांधी पर बॉयोपिक करना चाहती हैं स्वरा

मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री स्वरा भास्कार का कहना है कि वह इतिहास के पन्नों में छपे किसी चरित्र पर बॉयोपिक करना चाहती हैं और उनका मानना है कि इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार सबसे सही है।

ब्रांड ‘वूलमार्क’ के एक इवेंट के दौरान स्वरा ने यह बात कही।

स्वरा ने कहा, “मैं निश्चित तौर पर किसी ऐतिहासिक चरित्र पर बॉयोपिक करना चाहती हूं। मुझे लगता है कि भारत के इतिहास में इंदिरा गांधी का किरदार काफी रोचक है और चाहती हूं कि इससे संबंधित बॉयोपिक में काम करूं।”

अभिनेत्री ने कहा कि वह पूर्ण रूप से एक कलाकार हैं और ऐसे कलाकार लालची होते हैं और इसलिए उन्हें कोई अच्छा किरदार और सही फिल्म मिलती है, तो वह निश्चित तौर पर इसे करना चाहेंगी।

भारत के इतिहास में अब तक इंदिरा गांधी एकमात्र महिला प्रधानमंत्री हैं। उनके शासनकाल के दौरान 1970 के दशक में आपातकाल भी घोषित हुआ था, जिसके कारण उनका कार्यकाल विवादास्पद रहा।

अपनी अन्य फिल्मों के बारे में स्वरा ने कहा, “मेरी अगली फिल्म ‘अनारकली अरावली’ इस साल के अंत तक रिलीज हो जाएगी और मैं जल्द ही करीना कपूर और सोनम कपूर के साथ ‘वीरे दी वैडिंग’ की शूटिंग शुरू करने वाली हूं।”

स्वरा ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्‍स’ के लेखक हिमांशु शर्मा को डेट कर रही हैं। अपनी शादी की योजनाओं के बारे में अभिनेत्री ने कहा कि अभी ऐसी कोई तैयारी नहीं है। उनके पास बहुत काम है और इसलिए अभी शादी करने के बारे में नहीं सोच रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493