इंदौर के सिंहासा स्थित राम मंदिर में चोरी

इंदौर- इंदौर में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में कई स्थानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी वारदात चंदन नगर थाना क्षेत्र के सिंहासा गांव स्थित राम मंदिर से सामने आई है। मंदिर से चोरों ने न केवल दान पेटी तोड़कर करीब तीन लाख रुपये नकद चुरा लिए बल्कि भगवान के बेशकीमती आभूषण भी लेकर फरार हो गए। मंदिर जैसी आस्था की जगह पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नरेंद्र पाठक रोज की तरह मंदिर पहुंचे और ताला खोलने का प्रयास किया तब उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दान पेटी से नकदी गायब थी और भगवान के आभूषण भी चोरी हो चुके थे। बताया जा रहा है कि चोरों ने दान पेटी को तोड़ने की कोशिश की और उसमें रखी लगभग तीन लाख रुपये की राशि लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी मंदिर परिसर में जमा हो गए और तत्काल चंदन नगर पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस को मंदिर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं। फुटेज में आरोपी बाइक से आते और जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश करने का दावा कर रही है लेकिन अब तक किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं और रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493