इंदौर, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक छात्र को चलती ट्रेन के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में जान गंवानी पड़ी। जयेश सिंह (18) उस वक्त पटरी के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, जब ट्रेन की टक्कर लगने से उसकी मौत हो गई है। यह घटना शनिवार शाम को मांगलिया स्टेशन के पास हुई।
मांगलिया थाने के प्रभारी शार्दुल सिंह ने रविवार को आईएएनएस को बताया, “मांगलिया गांव का जयेश अपने दो दोस्तों अजय और अमित के साथ सेल्फी लेने शनिवार को रेलवे लाइन के करीब पहुंचा। जयेश और उसके साथी चलती ट्रेन के साथ सेल्फी लेना चाहते थे।”
उन्होंने आगे बताया, “दोस्तों के साथ पटरी किनारे खड़े होकर इंदौर से मुंबई की ओर जा रही अवंतिका एक्सप्रेस के साथ सेल्फी लेने की कोशिश के दौरान जयेश पटरी के इतने नजदीक पहुंच गया कि ट्रेन के इंजन का हिस्सा उसके सिर से टकराया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।”
बताया गया कि जयेश को उसके दोस्त गंभीर हालत में घर लेकर पहुंचे, जहां से उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस जयेश के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में इंदौर के ही महू थाना क्षेत्र के चोरल डैम में सेल्फी लेते वक्त एक युवक की बांध में गिरकर मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath