इंदौर-मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार सुबह एक औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग ने तीन फैक्ट्रियों को प्रभावित किया। कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में पेंट और केमिकल फैक्ट्री से शुरू हुई आग आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंच गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती आकलन में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।
आग रविवार सुबह करीब 7 बजे लगी थी। फैक्ट्री परिसर में आग की लपटें उठती देख वहां तैनात एक गार्ड ने दमकल विभाग को सूचना दी। आग बुझाने की कोशिश की जाती उससे पहले ही लपटें आसपास की इकाइयों तक फैल गई थी। पेंट और केमिकल के ड्रमों की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटनास्थल से उठता धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था।
आग फैलने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी और फोम का इस्तेमाल कर उसे बुझाने का प्रयास किया। कई घंटों तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
dharmpath.com dharmpath