इंदौर, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की व्यापारी नगरी इंदौर में शुक्रवार की सुबह कारोबारी ओम प्रकाश खुराना का रक्त रंजित शव उनके घर के भीतर मिला। वहीं सामान बिखरा हुआ है, पुलिस को हत्या की आशंका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पलासिया थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी गुलमोहर में रहने वाले कारोबारी खुराना का माली जब शुक्रवार की सुबह उनके घर पहुंचा तो उसने देखा कि खुराना का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। उसी ने पुलिस को सूचना दी।
खुराना के रिश्तेदारों के अनुसार, वे इस मकान में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी मुंबई में बेटी के साथ रहती है। वहीं बेटा देश से बाहर है। खुराना का एक व्यक्ति से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद होने की भी बात सामने आ रही है।
इंदौर (पूर्व) की पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि खुराना का शव घर के भीतर जमीन पर पड़ा मिला है, वहीं कागजात आदि बिखरे मिले हैं। आशंका है कि उनकी हत्या की गई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
dharmpath.com dharmpath