इंस्पेक्टर की हत्या ‘सुनियोजित हमला’ : एनआईए

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में हुई अपने एक इंस्पेक्टर की हत्या को रविवार को ‘सुनियोजित हमला’ बताया।

एनआईए के प्रवक्ता संजीव कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि शीर्ष जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इंस्पेक्टर के हत्यारे उन तक पहुंचे कैसे।

प्रवक्ता ने कहा, “एक सुनियोजित हमले में एनआईए के इंस्पेक्टर तंजिल अहमद की हत्या कर दी गई।”

इंस्पेक्टर अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक शादी से लौट रहे थे। उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। वह पिछले साढ़े छह साल से एनआईए में कार्यरत थे। वह मूल रूप से सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) से थे, जिसमें वह सहायक कमांडेंट थे।

प्रवक्ता के मुताबिक, हमलावर मोटरबाइक पर आए थे और उन्होंने सहसपुर शहर के करीब इंस्पेक्टर को नजदीक से कई गोलियां मारीं।

सूत्रों ने कहा कि इंस्पेक्टर को 21 गोलियां मारी गई थीं और उनकी पत्नी को चार गोलियां लगी हैं। गोलीबारी की इस घटना में उनके बच्चे बाल-बाल बच गए।

तंजील को मुरादाबाद के एक चिकित्सा केंद्र ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी फरजाना की हालत नाजुक है और वह नोएडा के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं।

लखनऊ से एनआईए के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।

तंजील को रविवार शाम सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493