क्विटो, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पोप फ्रांसिस अपने तीन दक्षिण अमेरिकी देशों के दौरे के पहले पड़ाव के तहत इक्वाडोर पहुंच गए हैं। उन्होंने क्विटो हवाईअड्डे पर अपने एक संबोधन में कहा कि इक्वाडोर वासियों को संवाद और भागीदारी के लिए काम करना चाहिए।
पोप फ्रांसिस ने देश के कई संतों का हवाला देते हुए रविवार को इक्वाडोर से आह्वान किया कि उसे प्रगति और विकास के जरिए सभी के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा चुनौतियों का सामना करने, मतभेदों को मिटाने, आपसी बातचीत को प्रोत्साहित करने और बिना किसी प्रतिरोध के चर्चा में शामिल होने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने इक्वाडोर के राष्ट्रपति राफेल कॉरिया को आश्वस्त किया कि वह कैथोलिक चर्च की प्रतिबद्धता और सहयोग पर भरोसा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वह देश में अपने भव्य स्वागत के लिए आभारी हैं। पोप फ्रांसिस तीन दक्षिण अमेरिकी देशों के दौरे पर हैं। वह इक्वाडोर के बाद बोलीविया और पराग्वे जाएंगे।
फ्रांसिस ने इक्वाडोर की आवभगत से प्रभावित होकर कहा, “आपका देश स्वर्ग है।”
dharmpath.com dharmpath