क्वीटो, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। इक्वाडोर में शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.8 तीव्रता मापी गई है।
रविवार की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इक्वाडोर के उपराष्ट्रपति जॉर्ज ग्लास ने कहा कि ‘इस भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। यह संख्या बदकिस्मती से आगामी घंटों में और बढ़ेगी।’
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है और अपनी इमरजेंसी ऑपरेशन्स कमेटी को सक्रिय कर दिया है, जिसका काम आपातकालीन सेवाओं में सामंजस्य स्थापित करना है।
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप 18.54 बजे (स्थानीय समयानुसार) देश के पूर्वी-पश्चिमी तट पर जमीन के अंदर 19 किलोमीटर की गहराई में महसूस किया गया। केंद्र ने भूकंप की तीव्रता पहले 7.4 बताई थी, लेकिन बाद में इसके 7.8 तीव्रता के होने की बात कही।
वहीं, इक्वाडोर के इंस्टीट्यूट ऑफ जीओफिजिक्स ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.5 मापी और बताया कि यह जमीन में 10 किलोमीटर गहराई में हुआ।
राजधानी क्वीटो में करीब 40 सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए और डरे-सहमे लोग सड़कों पर निकल आए।
गुआयाकिल शहर में भूकंप में एक पुल एक कार पर गिर पड़ा और एक सुपरमार्केट की छत झुक गईं।
तटीय शहर मंता में कंट्रोल टॉवर को नुकसान पहुंचने की वजह से हवाईअड्डे को बंद कर दिया गया है।
उधर, प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र की ओर से आगाह किया गया है कि इस भूकंप के बाद कुछ समुद्र तटों पर खतरनाक सुनामी लहरें उठने की आशंका है।
ईक्वाडोर देश ऐसी जगह में स्थित है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं और ज्वालामुखी फटते रहते हैं।
dharmpath.com dharmpath