इजराइली मंत्रिमंडल ने नए कट्टरपंथी रक्षामंत्री को मंजूरी दी

जेरुशलम, 30 मई (आईएएनएस)। इजराइली मंत्रिमंडल ने सोमवार को कट्टरपंथी सांसद एविग्डोर लिबरमैन को रक्षा मंत्री के रूप में स्वीकृति दे दी। इसी के साथ उनकी घोर राष्ट्रवादी पार्टी इजराइल बेतेनू (इजराइल आवर होम) सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हो गई।

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि मंत्रिमंडल ने सर्वसम्मति से लिबरमैन को रक्षा मंत्री और उनकी सहयोगी सोफा लैंडवर को आव्रजन समावेश मंत्री के रूप में नियुक्ति करने के पक्ष में मत दिया।

उम्मीद है कि लिबरमैन और उनकी सहयोगी सोफा लैंडवर द्वारा पद संभाले जाने से पहले नेसेट (संसद) से इस बदलाव को स्वीकृति मिल जाएगी।

इस कदम से नेतन्याहू गठबंधन को विपक्ष पर 61-59 की जगह 64-54 की बढ़त हो जाएगी।

धार्मिक राष्ट्रवादी यहूदी होम पार्टी के नाफ्ताली बेनेट ने संसद में मंत्रिमंडल विस्तार के खिलाफ मतदान करके इस विस्तार को रोक देने की धमकी दी थी।

होम पार्टी ने धमकी दी थी कि यदि उसकी मांग नहीं पूरी की गई तो सत्तारूढ़ गठबंधन से अलग हो जाएगी।

इसके बाद बीती रात समझौता हुआ और सोमवार की सुबह मतदान का मार्ग प्रशस्त हुआ।

इस नई व्यवस्था के तहत लिबरमैन कब्जा किए गए पश्चिमी तट पर इजराइल की नीतियों को लागू करने के प्रभारी होंगे।

संवेदनशील पद पर लिबरमैन की नियुक्ति से इजराइल एवं विदेश में चिंता बढ़ गई है और इस नियुक्ति की निंदा की जा रही है। इजराइल में उन्हें सबसे अधिक ध्रुवीकरण करने वाले कट्टरपंथी नेता के रूप में देखा जाता है।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मार्क टोनर ने पिछले हफ्ते कहा था कि नई सरकार, जिसे इजराइल के इतिहास में सबसे दक्षिणपंथी गठबंधन के रूप में बताया जा रहा है, फिलिस्तीनियों के साथ शांतिपूर्ण समाधान की प्रतिबद्धता के बारे में कई न्यायसंगत सवालों के घेरे में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493