इटली रोहिंग्या अल्पसंख्यकों के लिए देगा 70 लाख यूरो

रोम, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। म्यांमार में चल रहे संघर्ष से बचकर करीब छह लाख रोहिंग्या शरणार्थी बांग्लादेश पहुंचे हैं, जिसमें मुख्य रूप से महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इटली ने इनके लिए 70 लाख यूरो की मदद का वादा किया है। इटली के विदेश मंत्री अनजेलिनो अलफानो ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, “हम रोहिंग्या लोगों की स्थिति के बारे में बहुत चिंतित हैं। पिछले कुछ हफ्तों के दौरान 5 लाख से ज्यादा लोगों, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं, को म्यांमार छोड़कर बांग्लादेश में शरण लेना पड़ा है।”

अल्फानो ने यह ऐलान संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ द्वारा मुस्लिम रोहिंग्या शरणार्थियों की मदद के लिए 43 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए जेनेवा में एक दानकर्ता सम्मेलन में किया। रोहिंग्या शरणार्थी म्यांमार के रखाइन प्रांत में 25 अगस्त से जारी घातक सैन्य कार्रवाई से बचकर भागे हैं।

अलफानो ने कहा, “जिनेवा में, इटली संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति द्वारा बांग्लादेश और म्यांमार दोनों देशों में खाद्य, स्वास्थ्य देखभाल और संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए चलाई जा रही आपातकालीन राहत गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए मानवीय सहायता के तहत 70 लाख यूरो देने का वादा करता है।”

विदेश मंत्री ने कहा, “इटली के राजनयिक यूरोपीय संघ तथा संयुक्त राष्ट्र में काम करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि म्यांमार की सेनाएं मानवाधिकारों का पालन करे, नागरिकों की सुरक्षा करंे तथा संयुक्त राष्ट्र को इन स्थानों में मानवीय पहुंच हासिल हो।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493