तुरिन, 25 नवंबर (आईएएनएस)। इटली लीग के 13वें दौर के मुकाबले में शनिवार रात जुवेंतस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसपीएल को 2-0 से शिकस्त दी।
इस जीत के बाद जुवेंतस 37 अंकों के साथ तालिका में पहले स्थान पर काबिज है। दूसरे पायदान पर मौजूद नेपोली के कुल 28 अंक हैं जबकि एसपीएल 13 अंकों साथ 13वें पायदान पर स्थित है।
‘ईएसपीएन’ के अनुसार, जुवेंतस इटली लीग में इस सीजन अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है। उसने 13 में से 12 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है।
एसपीएल के खिलाफ जुवेंतस ने दमदार प्रदर्शन किया और कभी भी ऐसा नहीं लगा कि वह मैच में पिछड़ सकते हैं।
मैच के 28वें मिनट में मिरालेम पेयानिक के फ्री-किक पर अपनी बाएं पांव से शानदार गोल करते हुए करिश्माई फारवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मेजबान टीम को बढ़त दिला दी। इसके साथ ही रोनाल्डो जुवेंतस के लिए शुरुआती 13 मैच में नौ गोल दागने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।
जुवेंतस ने दूसरे हाफ में भी अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखा। 60वें मिनट में क्रोएशिया के स्ट्राइकर मारियो मांजुकिक ने मेजबान टीम के लिए मैच का दूसरा गोल किया।
dharmpath.com dharmpath