पणजी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। यहां आगामी अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव (इफ्फी) के ‘इंडियन क्लासिक’ खंड का शुभारंभ गुरुदत्त की फिल्म ‘प्यासा’ से होगा। यह फिल्म अल्ट्रा मीडिया एंड एंटरटेनमेंट द्वारा संरक्षित की गई है।
एक बयान के मुताबिक, ब्लैक एंड व्हाइट, 1957 की इस फिल्म में गुरुदत्त के अलावा, वहीदा रहमान, माला सिन्हा, जॉनी वाकर, रहमान, महमूद और टुनटुन मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म यहां के अजाद मैदान में 21 नवंबर को प्रदर्शित होगी।
उल्लेखनीय है कि 11 दिन का 46वां प्रतिष्ठित संस्करण 20 नवंबर से आयोजित किया जाएगा।
गुरुदत्त द्वारा निर्मित और निर्देशित फिल्म ‘प्यासा’ एक बेरोजगार युवक की कहनी पर आधारित है।
फिल्म में ‘ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है’, ‘जाने क्या तूने कही’ और ‘जाने वो कैसे लोग थे’ जैसे लोकप्रिय गीत हैं।
इफ्फी में ‘इंडियन क्लासिक खंड’ में आठ फिल्मों को प्रदर्शन होगा।
इफ्फी में ‘जैत रे जैत’, ‘मंथन’, ‘भवनी भवाई’, ‘इस रात की सुबह नहीं’, ‘उत्तरायनम’, ‘एक दिन अचानक’, ‘दो बीघा जमीन’ जैसी फिल्मों को प्रदर्शन किया जाएगा।
अल्ट्रा मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के मुख्य कार्यकारी सुशील कुमार ने कहा, “प्रतिष्ठित फिल्म समारोह में ‘प्यासा’ जैसी फिल्म को प्रदर्शित करते खुशी हो रही है।”
dharmpath.com dharmpath