नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिल्म ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई’ में काम करने के बाद, अभिनेत्री प्राची देसाई एक बार फिर इमरान हाशमी के साथ ‘अजहर’ में काम कर रही हैं। उनका कहना है कि समय के साथ उनके साथ शूटिंग न केवल बेहतर हुई है, बल्कि वह अधिक मजाकिया बन गए हैं।
प्राची ने आईएएनएस से कहा, “मैं चार साल बाद उनके साथ काम कर रही हूं और बिल्कुल हमारे व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में बहुत बदलाव हुए हैं। हम व्यक्ति और पेशेवर के रूप में विकसित हो रहे हैं, लेकिन जब हम शूटिंग के लिए साथ आते हैं तो यह अद्भुत तालमेल होता है।”
उन्होंने कहा, “इमरान अधिक मजाकिया बन गए हैं। उनके साथ शूटिंग करने में मजा आता है।”
प्राची देसाई ‘अजहर’ के साथ 1990 के दशक में कदम रख रही हैं। यह पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की बायोपिक है। अजहरुद्दीन का किरदार इमरान हाशमी निभा रहे हैं, जबकि प्राची उनकी पहली पत्नी नौरीन की भूमिका में हैं।
इमरान और प्राची ने 2010 की फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुम्बई’ के ‘पी लूं’ जैसे रोमांटिक गीत से दर्शकों का दिल जीत लिया और अभिनेत्री को उम्मीद है कि ‘अजहर’ भी यही जादू बिखेरेगी।
उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि यह फिल्म उससे बेहतर और अलग होगी। मुझे पता है कि लोग इसे पसंद करेंगे और वही जादू दोबारा आएगा, क्योंकि इसके लिए हमने कड़ी मेहनत की है।”
फिल्म ‘अजहर’ दुनियाभर में 13 मई, 2016 को प्रदर्शित होगी।
dharmpath.com dharmpath