नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में शुक्रवार रात आए भूकंप के झटकों का असर उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिला है।
इन झटकों से हालांकि अभी तक कहीं से भी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है। भूकंप के झटकों से राष्ट्रीय राजधानी के कई मकान हिलने लगे। लोगों ने अपने बिस्तरों को हिलता हुआ महसूस किया।
जम्मू एवं कश्मीर में भी झटकों का असर महसूस किया गया, जहां लोग बेहद आतंकित हो गए।
श्रीनगर के मौसम विभाग ने कहा, “शुक्रवार रात 12.44 बजे रिक्टर पैमाने पर 6.5 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने हालांकि कहा कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई।
जम्मू के एक निवासी ने आईएएनएस से कहा, “मुझे लगा कि घर के बाहर कोई बड़ा विस्फोट हुआ है।”
दिल्ली में कुछ लोग एहतियातन घर के बाहर निकल पड़े।
दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी की एक गृहिणी गरिमा कपूर ने कहा, “चौथी मंजिल पर कमरे को मैंने हिलता हुआ महसूस किया। वह डरावना पल था।”
उनके पति ऋषि ने कहा, “सभी घर से बाहर निकल आए। हम कुछ पलों तक सड़क पर खड़े रहे।”
दक्षिणी दिल्ली के खानपुर इलाके के निवासी खालिद शाह ने कहा कि वे और उनके रूममेट बिस्तर पर हिलने लगे। उन्होंने कहा, “हमने कुछ पल पार्क में बिताना उचित समझा।”
उल्लेखनीय है कि भारत व पाकिस्तान शासित कश्मीर में आठ अक्टूबर, 2005 को आए 7.6 तीव्रता के भूकंप में 45 हजार से अधिक लोग मारे गए थे, जबकि अरबों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था।
dharmpath.com dharmpath