बगदाद, 24 जनवरी (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) इराक के उत्तर में स्थित तेल कैफ कस्बे के मुख्य गिरिजाघर का इस्तेमाल अपने सैन्य मुख्यालय के तौर पर कर रहा है।
ऑनलाइन समाचार पोर्टल रूदाव के मुताबिक, आईएस गिरिजाघर में बच्चों (तथाकथित खिलाफत के बच्चे) को आतंकवाद का प्रशिक्षण दे रहा है। इस गिरिजाघर का नाम उसने अब ‘अबु-तलहा अल-अंसारी’ रख दिया है।
समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक, आतंकवादी समूह ने गिरिजाघर को अपने सैन्य मुख्यालय के तौर पर इसलिए चुना है, क्योंकि वह जानता है कि गठबंधन सेना के विमान उस पर बम नहीं गिरा सकते। वह बच्चों को मोसुल से गुप्त तरीके से मुख्यालय में ला रहा है।
रूदाव के मुताबिक तेल कैफ के एक निवासी ने कहा, “वे बच्चों को मस्जिद में ले जाकर खलीफा के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाते हैं। बच्चों को युद्ध में भेजने से पहले वे उन्हें प्रशिक्षण के लिए गिरिजाघर में ले जाते हैं।”
निवासी ने कहा, “अधिकांश प्रशिक्षु बच्चे हैं।”
dharmpath.com dharmpath