न्यूयार्क, 17 मई (आईएएनएस)। अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने इराक युद्ध की ‘त्रासदी’ के लिए पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि ब्लेयर ने हमला कर भयावह काम किया था।
आईटीवी नेटवर्क के साथ साक्षात्कार में ट्रंप ने चेताया कि 2003 में इराक पर हुए हमले की जांच करने वाली जांच समिति ‘चिलकॉट इंक्वायरी’ की रिपोर्ट अंतत: 6 जुलाई को प्रकाशित होगी और यह पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री के लिए अच्छी नहीं होगी।
उन्होंने कहा, “मैं इसे युद्ध अपराध के रूप में नहीं देखता हूं। मैं सिर्फ यह सोचता हूं कि उन्होंने भयावह काम किया था।”
ट्रंप ने कहा, “पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज. डब्ल्यू. बुश भी इसमें मिले हुए थे। यह भयावह बात थी।”
उन्होंने कहा, “टोनी ब्लेयर ने गलती की। आप इस तरह से लापरवाह नहीं हो सकते हैं।”
ट्रंप ने कहा कि ब्रिटिश नेताओं को अमेरिका की जरूरतें देखने से पहले अपने देश की जरूरतें देखनी चाहिए थीं। अगर वे अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष खड़े हुए होते तो उन्हें अधिक सम्मान मिलता।
उन्होंने कहा, “मैं आश्चर्यकित हूं कि कोई बुश के साथ संबंध को इतना महत्व कैसे दे सकता है।”
dharmpath.com dharmpath