इस पीढ़ी के विशेष खिलाड़ी हैं रोनाल्डो : फग्र्यूसन

लंदन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के पूर्व कोच एलेक्स फग्र्यूसन का मानना है कि पुर्तगाल फुटबाल टीम के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपनी पीढ़ी के विशेष खिलाड़ी हैं।

रोनाल्डो की ही कप्तानी में बीते सप्ताह पुर्तगाल ने पहली बार यूरो कप पर कब्जा जमाया।

इस महान कोच ने रोनाल्डो को क्लब फुटबाल में मिली सफलता को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दोहराते देखा है। यूरो-2016 के फाइनल में मेजबान फ्रांस के खिलाफ रोनाल्डो हालांकि चोटिल हो गए थे जिसके कारण उन्हें बीच मैच से मैदान छोड़कर जाना पड़ा।

जर्मनी के अखबार बिल्ड ने बुधवार को फग्र्यूसन के हवाले से लिखा, “हर पीढ़ी के पास एक विशेष फुटबाल खिलाड़ी होता है, मौजूदा पीढ़ी के पास रोनाल्डो हैं। फुटबाल को लेकर उनकी चाहत अविश्वसनीय है। क्रिस्टियानो हर मैच के लिए तैयार रहते हैं। वह हमेशा बेहतर बनना चाहते हैं और जीतना चाहते हैं। वह खासकर इस तरह के बड़े मैचों में खेलना पसंद करते हैं।”

युनाइटेड में रोनाल्डो के साथ काम कर चुके फग्र्यूसन ने कहा, “मैनचेस्टर युनाइटेड में मेरे कोच रहते रोनाल्डो ऐसे खिलाड़ी थे जो सबसे ज्यादा उभरे। उन्होंने काफी मेहनत की। उन्होंने लगातार अपनी शॉट खेलने की तकनीक पर काम किया। बाएं, दाएं दोनों पैरों से गेंद को मारना उनकी योग्यता है।”

फ्रांस के खिलाफ फाइनल में फ्रांस के खिलाड़ी दिमित्री पायेट से भिड़ने से रोनाल्डो की मांसपेशी में चोट लग गई थी, बावजूद इसके पुर्तगाल, फ्रांस को 1-0 से मात देने में कामयाब रहा।

फग्र्यूसन ने कहा, “उनके प्रदर्शन में अविश्वसनीय सुधार हुआ है। आज के फुटबाल में जो सबसे अनूठी बात है वह उनकी एथलेटिक्स कुशलता है।”

फग्र्यूसन ने कहा, “आमतौर पर शीर्ष खिलाड़ी पांच-छह साल तक ही उच्च स्तर का खेल खेल पाते हैं। क्रिस्टियानो 10 साल से खेल रहे हैं। यह उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493