इस सप्ताह शुरू होगी ‘संदीप और पिंकी..’ की शूटिंग : परिणीति

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ की सफलता का आनंद ले रहीं अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने बुधवार को बताया कि उनकी अगली फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ की शूटिंग इस सप्ताह शुरू होगी। इसके लिए फिल्म की पूरी टीम रविवार को दिल्ली का रुख करेगी।

स्माइल फाउंडेशन के साथ वंचित बच्चों के लिए ‘गोलमाल अगेन’ की विशेष स्क्रीनिंग के मौके पर परिणीति ने कहा, “फिल्म की शूटिंग इस सप्ताह से शुरू होगी। रविवार को हम दिल्ली जाएंगे। इसके बाद हम भारत-नेपाल सीमा का रुख करेंगे, जिस कारण काफी व्यस्तता रहेगी।”

अर्जुन के साथ ‘इश्कजादे’ में साथ काम कर चुकीं परिणीति ने कहा कि वह उनके साथ काम में सहज हैं।

‘मेरी प्यारी बिंदु’ की अभिनेत्री ने कहा, “इससे पहले मैंने अर्जुन के साथ एक सशक्त फिल्म में काम किया है, इसलिए हम दोनों के बीच काफी सहजता है। हम दोनों फिल्म के लिए बहुत उत्सुक हैं, रोजाना इसके लिए तैयारियां कर रहे हैं और कार्यशालाओं में भाग ले रहे हैं।”

‘संदीप और पिंकी फरार’ में अर्जुन की पहली लुक के बारे में अभिनेत्री ने कहा, “मुझे लगता है कि अर्जुन पहली लुक में काफी आकर्षक लग रहे हैं। निर्माताओं के निर्णय के बाद मेरी लुक भी जल्द सामने आएगी।”

रोहित शेट्टी ने हाल ही में ‘गोलमाल 5’ की पुष्टि की थी। परिणीति से आगामी सीक्वल का हिस्सा बनने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म की पटकथा पर निर्भर करता है कि वह इसका हिस्सा बनेंगी या नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493