नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अप्रैल 2015 से लेकर फरवरी 2016 तक की अवधि के दौरान 104.38 लाख दावे निपटाए। इनमें से 40 फीसदी दावे 3 दिनों के अंदर और 78 फीसदी दावे 10 दिनों के अंदर ही निपटा दिए गए। 96 फीसदी दावों को 20 दिनों की निर्धारित अवधि के अंदर ही निपटा दिया गया।
नवनियुक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त डॉ. वी.पी. जॉय ने यह जानकारी दी।
फरवरी माह के दौरान ईपीएफ के केंद्रीय ट्रस्टी बोर्ड (सीबीटी) की 211वीं बैठक चेन्नई में आयोजित की गई। इस दौरान बोर्ड ने वित्त वर्ष 2015-16 के लिए देय ब्याज दर पर विचार-विमर्श किया और सदस्यों के खातों में पड़ी पीएफ राशि पर 8.80 फीसदी ब्याज देने की सिफारिश की। पिछले साल ब्याज दर 8.75 फीसदी थी।
फरवरी 2016 के दौरान ईपीएफओ ने 20,000 से भी ज्यादा शिकायतों का निपटारा कर दिया, जिससे अब केवल 3,083 शिकायतें ही लंबित हैं। यह उन 82 फीसदी शिकायतों को दर्शाता है, जो 7 दिन से भी कम समय से लंबित हैं।
dharmpath.com dharmpath