लंदन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब लिसेस्टर सिटी के कप्तान वेस मोर्गन का कहना है कि टीम इस सत्र में इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) का अपना पहला खिताब जीतने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उनका मानना है कि दो साल पहले चैम्पियनशिप जीतने का अनुभव उनके काफी काम आएगा।
लिस्सेटर ने 2014 में दूसरी श्रेणी की चैम्पियनशिप जीत कर ईपीएल के लिए क्वालीफाई किया था। मोर्गन का मानना है कि ईपीएल में खेलना काफी मुश्किल है। उनका मानना है कि अनुभव ने उन्हें सिखाया है कि जीत के क्रम को कैसे बरकरार रखा जाता है।
गार्डियन के मुताबिक, मोर्गन ने कहा, “2014 से माहौल बना जहां हम लगातार मैच जीतते आ रहे थे और शानदार फॉर्म में थे। हम मैच में इस बात को दिमाग में रखकर जाते थे कि हम मैच जीत सकते हैं और हम ऐसा कर रहे थे। उसकी तुलना प्रीमियर लीग से करना मुश्किल है। यहां मैच काफी मुश्किल होते हैं और लगातार नहीं होते। मैच के लिए काफी तैयारी की जरूरत होती है। हम मैच में अपने विपक्षी को रोकने के लिए जाते हैं, उसके बाद अलग-अलग तरीकों से जीतने की कोशिश करते हैं।”
उन्होंने कहा, “हम एक बार में एक मैच पर ध्यान देने की कोशिश कर रहे हैं। हम अगले तीन-चार मैच जीतने के बारे में नहीं सोच रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हम एक दूसरे को समझते हैं। हम एक दूसरे की जिम्मेदारी को भी जानते हैं। जब आप एक दूसरे के बारे में जानते हैं तो काम काफी आसान हो जाता है।”
dharmpath.com dharmpath