ईरानी की टिप्पणी राज्यसभा के कार्यवाही रिकॉर्ड से हटाई गई

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने देवी दुर्गा और दानव महिषासुर के बारे में जो टिप्पणी की थी, उसे राज्यसभा के सभापति एम. हामिद अंसारी के निर्देश पर राज्यसभा के रिकार्ड से हटा दिया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

ईरानी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के मामले और हैदराबाद विश्वविद्यालय में दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या पर सदन में हुई बहस का जवाब देते हुए जेएनयू में महिषासुर की मौत का स्मरणोत्सव मनाने का हवाला दिया था। साथ ही एक पर्चे को पढ़ा था जिसके बारे में उन्होंने कहा कि उसकी विश्वविद्यालय ने पुष्टि की है।

विपक्षी सदस्यों ने इस पर हंगामा किया था। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने यह कह कर इसका विरोध किया था कि इससे देवताओं और पैगंबरों को अपमानित करने की एक खराब शुरुआत हो जाएगी।

इस मुद्दे पर शुक्रवार को भी हंगामा हुआ। विपक्ष के सदस्यों ने ईरानी से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा।

ईरानी ने माफी नहीं मांगी और कहा कि वह खुद देवी दुर्गा की पूजा करती हैं। इस संदर्भ का उल्लेख उन्होंने सिर्फ एक बिंदु को साबित करने के लिए किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493