‘ईरानी परमाणु समझौते को कमजोर करने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे ओबामा’

वाशिंगटन, 23 नवंबर (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने कार्यकाल के अंतिम महीनों में ऐसे किसी भी विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे, जो ईरानी परमाणु करार को कमजोर करेगा।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने कहा, “हम निश्चित रूप से यह नहीं कर रहे हैं। हम ऐसे किसी भी विधेयक पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे, जो अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोकने वाले अंतर्राष्ट्रीय समझौते को लागू करने की क्षमता को कमजोर कर सके।”

इससे पहले अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन नेताओं ने व्हाइट हाउस द्वारा इस तरह के नए उपायों पर विचार करने वाली अफवाहों के बीच ओबामा से आग्रह किया था कि अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जनवरी में कार्यभार संभालने से पहले ईरान परमाणु करार को मजबूत करने के लिए वह कोई नए कदम न उठाएं।

सदन अध्यक्ष पॉल रायन, सदन में बहुमत के नेता केविन मैक्कार्थी और सदन की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष एड रॉयस ने ओबामा को लिखे एक पत्र में कहा, “हम सम्मानपूर्वक अनुरोध करते हैं कि आपका प्रशासन ईरान में अंतर्राष्ट्रीय निवेश को मजबूत करने के लिए कोई अग्रणी कदम नहीं उठा रहा और न ही अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के अंतर्गत मौजूदा प्रतिबंधों में परिवर्तन कर रहा।”

रिपब्लिकन ने ओबामा प्रशासन को सूचित भी किया कि अन्य 10 सालों के ईरान प्रतिबंध अधिनियम का विस्तार करने वाले कानून को जल्द ही भेजा जाएगा।

पत्र के अनुसार, “नव-निर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर अमेरिका की नीति लागू करने के अवसर के हकदार हैं, लेकिन इसके लिए आपके द्वारा अतिरिक्त उपाय लागू न करना जरूरी है, जो आने वाले प्रशासन की अपनी नीति विकसित करने की क्षमता को उलझा सकता है।”

गौरतलब है कि ईरान, अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, रूस, फ्रांस और जर्मनी सहित अन्य देश जुलाई 2015 में ईरानी परमाणु मामले को लेकर एक समझौते पर पहुंचे थे, जिसके तहत ईरान को प्रतिबंधों से राहत हासिल करने के लिए अपने परमाणु कार्यक्रम को अधिक सख्ती से कम करना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493