नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। भारत सरकार ईरान की राजधानी तेहरान में बुधवार को हुए आतंकी हमले से संबंधित विस्तृत विवरण के लिए ईरान स्थित अपने दूतावास की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, “हमारे पास प्रारंभिक रिपोर्ट हैं, जो ईरान से आई हैं।”
उन्होंने कहा, “यह निश्चित रूप से एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है..हम अपने दूतावास से पूरी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं कि ठीक-ठीक हुआ क्या है।”
बुधवार को आतंकवादियों ने तेहरान में ईरानी संसद और पूर्व सर्वोच्च धर्मगुरु अयातुल्लाह खोमैनी के मकबरे पर हमले किए।
इस दोहरे हमले के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पूरी जानकारी साफ नहीं हो पाई है। समाचार एजेंसी एफे न्यूज से सांसद तायेबेह सियावोशी ने कहा कि हालात ‘बहुत अफरातफरी वाले और संवेदनशील’ हैं।
शिया बहुल देश में दोनों हमलों की जिम्मेदारी सुन्नी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली है।
बागले ने कहा, “यह साफ है कि तेहरान में संसद तथा एक अन्य स्मारक पर हमला हुआ है।”
उन्होंने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, भारत आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करता है।”
dharmpath.com dharmpath