तेहरान, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार को कहा कि मौजूदा ईरानी वर्ष (21 मार्च से शुरू) में तेल पर ईरान की निर्भरता अपने न्यूनतम स्तर तक चली जाएगी।
‘प्रेस टीवी’ की रपट के अनुसार, रूहानी ने यहां सेना के शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने परमाणु कार्यक्रम की वजह से देश पर लगाए गए प्रतिबंधों और तेल कीमतों में गिरावट से उत्पन्न वित्तीय समस्याओं के बावजूद प्रशासन पिछले दो साल में अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करने में सफल रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ पड़ोसी देशों ने तेल कीमतों में गिरावट के लिए साजिश रची है, लेकिन उनका यह कदम उन पर ही भारी पड़ा।
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके प्रशासन ने पिछले दो साल में देश के विकास के लिए बजट बढ़ाया है।
ईरान के पास दुनिया का चौथा सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है। ईरान के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार भी है।
तेल की कीमतें 2014 की गर्मियों से लगभग आधी घट गई हैं और यह मौजूदा समय में 60 डॉलर प्रति बैरल पर है।
dharmpath.com dharmpath