तेहरान, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ 2018 विश्व कप क्वालीफायर में यहां गुरुवार को जीत हासिल करने के बाद भी ईरान के कोच कार्लोस क्वीरोज ने भारतीय टीम की तारीफ की।
आजादी स्टेडिय में हुए मुकाबले में ईरान ने भारत को 4-0 से मात दी।
मैनचेस्टर युनाइटेड के पूर्व सहायक प्रबंधक ने मैच के बाद कहा, “मैं भारतीय टीम के खेल से काफी हैरान था। उनके खेल प्रदर्शन में पिछले कुछ महीनों में काफी सुधार हुआ है।”
भारत ने सुनील छेत्री के टीम में न रहने के बावजूद ईरान के खिलाफ मुकाबले में भरसक प्रयास किया।
भारतीय टीम के कोच स्टीफन कांस्टेनटाइन ने स्वीकार किया कि ईरान के साथ मुकाबला काफी मुश्किल था।
स्टीफन ने कहा, “उन्होंने खेल पर पूरा नियंत्रण किया। हमारे लिए यह काफी मुश्किल खेल था। पहले चरण में हमें पेनल्टी का सामना करन पड़ा और दो खिलाड़ी घायल भी हुए, जिसके कारण मैच और भी मुश्किल हो गया।”
भारतीय टीम के कोच ने कहा, “हमारी टीम काफी युवा थी और खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर करियर की शुरुआत की है तथा वे इस तथ्य को कभी नहीं भूलेंगे कि उनका पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला ईरान के साथ था।”
भारत का अगला मुकाबला 29 मार्च को कोच्चि में तुर्कमेनिस्तान के साथ है।
dharmpath.com dharmpath