ईरान के राष्ट्रपति ने मध्य-पूर्व में आतंकवाद पर चेताया

तेहरान, 19 जून (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रोहानी ने मध्य-पूर्व में बढ़ते आतंकवाद को लेकर आगाह किया है और कहा कि आतंकवाद से इस क्षेत्र को कोई फायदा नहीं होगा।

‘प्रेस टीवी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहानी ने कतर के शाह शेख तमीम बिन हमाद बिन खलीफा अल थानी से गुरुवार को फोन पर बातचीत में कहा, “सभी धर्म आतंकवाद से पीड़ित हैं, क्योंकि आतंकवादी कृत्य इस क्षेत्र के किसी भी देश के लिए फायदेमंद नहीं है। आतंकवाद क्षेत्र के विकास और दो देशों के संबंध को बढ़ावा देने की राह में बड़ी बाधा है।”

रोहानी ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए इसके देशों के बीच सहयोग की जरूरत को रेखांकित किया और साथ ही कहा कि इस क्षेत्र के देशों को इस्लामिक देशों में खूनखराबा रोकने के लिए हाथ मिलाना चाहिए।

ईरान के राष्ट्रपति ने युद्ध प्रभावित लोगों, खासकर यमन के नागरिकों को मानवीय सहायता देने का भी आह्वान किया।

रोहानी ने कहा कि ईरान, कतर सहित अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ संबंध को विस्तार देने का इच्छुक है।

कतर के शाह ने ईरान-कतर संबंध को काफी मजबूत और ऐतिहासिक करार दिया तथा संबंध को आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने क्षेत्रीय समस्या के समाधान में ईरान की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि ईरान मध्य-पूर्व में शांति बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है।

कतर के शाह ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने का मुख्य रास्ता बातचीत है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों को आपसी हितों के लिए काम करना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493