ईरान : रूहानी ने प्रतिबंध हटाने का स्वागत किया

तेहरान, 17 जनवरी (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने अमेरिका और यूरोपीय संघ द्वारा ईरान से प्रतिबंध हटाने का रविवार को स्वागत किया। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था द्वारा परमाणु समझौते पर ईरान के अमल की पुष्टि किए जाने के बाद यह प्रतिबंध हटाया गया है।

सरकारी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, रूहानी ने एक बयान में कहा, “इस सम्मान और जीत के लिए बधाई। हमने दुनिया के साथ अपने रिश्तों के एक नए अध्याय की शुरुआत की है। आज का दौर प्रतिबंधों से विकास की तरफ प्रस्थान करने का है।”

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक युकिया अमानो ने शनिवार को एक बयान में कहा था, “मैं इस बात की पुष्टि करने वाली रपट जारी कर रहा हूं कि ईरान ने संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जेसीपीओए) को लागू करने की दिशा में जरूरी प्रारंभिक उपाय किए हैं।”

ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को अधिक पारदर्शी बनाने का वादा किया है। उसने संयुक्त राष्ट्र परमाणु निरीक्षकों को अपने परमाणु संयंत्रों के निरीक्षण की अनुमति दे दी है।

संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के ऐलान के बाद यूरोपीय संघ ने ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटा लिया। व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी प्रतिबंध हटाने के कार्यकारी आदेश पर दस्तखत किए हैं।

रूहानी ने कहा, “उत्पीड़क प्रतिबंध हटने के साथ..हमने अर्थव्यवस्था के खतरनाक मोड़ को पार कर लिया है और हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया से जुड़ गई है।”

ईरान के राष्ट्रपति ने कहा, “जेसीपीओए किसी भी देश के लिए खतरा नहीं है। ईरान के दोस्त खुश हैं और विरोधियों को िंचंता नहीं होनी चाहिए। हम किसी भी देश के लिए खतरा नहीं हैं। हम ईरान के सम्मान की रक्षा करने के साथ ही क्षेत्र और विश्व को शांति, सुरक्षा, स्थायित्व का संदेश दे रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493