ईरान से प्रतिबंध हटाने के लिए मसौदे पर काम शुरू

विएना, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान व विश्व की छह शक्तियों (पी5प्लस1 समूह) ने तेहरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने के लिए मसौदे की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है। ईरान के एक वरिष्ठ परमाणु वार्ताकार ने यह जानकारी दी।

समाचार चैनल प्रेस टेलीविजन ने ऑस्ट्रिया की राजधानी में पी5प्लस1 समूह के साथ बैठक के बाद ईरान के कानूनी व अंतर्राष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री अब्बास इराकची के हवाले से कहा कि ईरान विरोधी प्रतिबंधों को हटाने के संबंध में अमेरिकी वार्ताकार प्रतिनिधिमंडल ने ईरानी परमाणु दल को बेहद उपयोगी स्पष्टीकरण दिए।

उन्होंने कहा, “इस बार हम केवल प्रतिबंधों के सवालों पर काम करेंगे, जबकि कई अन्य मुद्दों पर हम कुछ महीने पहले काम कर चुके हैं। मेरे हिसाब से पिछले साल जुलाई में। हमने अपने मसौदे के कुछ हिस्सों की रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली थी।”

इराकची ने कहा, “हम अतीत में कुछ मसौदा तैयार कर चुके हैं, लेकिन उस वक्त हमें इसे रोकना पड़ा था, क्योंकि कुछ बड़े मुद्दों पर सहमति नहीं बनी थी। लेकिन अब लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। अब हम इन सहमतियों को समझौते के मसौदे के रूप में लिखित तौर पर दर्ज करेंगे। हमने प्रतिबंधों से शुरू किया है और अगली बार अन्य मुद्दों पर आगे बढ़ेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी व यूरोपीय वार्ताकारों ने प्रतिबंधों को हटाने के लिए कुछ संशयात्मक स्थितियों का समाधान किया है।

उल्लेखनीय है कि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान तथा पी5प्लस1 समूह -अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, रूस तथा जर्मनी ने अंतिम दौर की वार्ता तेज कर दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493