न्यूयार्क, 4 मार्च (आईएएनएस)। सप्ताह में पांच या इससे ज्यादा बार दही का सेवन महिलाओं को उच्च रक्तचाप की समस्या से उबार सकता है। एक नए शोध में यह पता चला है।
जो महिलाएं महीने में पांच बार दही खाती हैं, उनकी तुलना में सप्ताह में पांच बार दही का सेवन करने वाली महिलाओं में उच्च रक्तचाप का खतरा 20 फीसदी तक कम हो जाता है।
आहार में दही को शामिल कर महिलाओं में उच्च रक्तचाप की लंबी अवधि के जोखिम को कम किया जा सकता है।
इस शोध के लिए वैज्ञानिकों ने 25-55 आयु वर्ग की महिलाओं के दो सर्वेक्षण के आकड़ों का अध्ययन किया था। साथ ही स्वास्थ्य पेशेवरों ने 40-75 वर्ष की आयु के पुरुषों का भी अध्ययन किया था।
अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से इस शोध की मुख्य लेखक जस्टिन ब्यूएनडिया का कहना है, “हमारे अध्ययन से पता चलता है कि डेयरी उत्पादों, विशेष रूप से दही की दैनिक खपत उच्च रक्तचाप के खतरे को कम करती है जो हृदय रोग और स्ट्रोक के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक है।”
उन्होंने कहा, “दूध और पनीर का सेवन भी रक्तचाप पर लाभकारी प्रभाव दे सकता है, हालांकि दही का प्रभाव डेयरी के अन्य रूपों की तुलना में मजबूत लगता है।”
यह शोध एक से चार मार्च के बीच हुए ‘अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन एपिडेमियोलॉजी/लाइफस्टाइल 2016 साइंटिफिक सेशन्स’ में पेश किया गया।
dharmpath.com dharmpath