भोपाल, 13 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अप्रैल-मई में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के दौरान तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत और संघ के पूर्व प्रचारक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे।
रविवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, आयोजन की तैयारियों की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समीक्षा की।
कहा गया है कि सिंहस्थ के दौरान अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी उज्जैन जिले के ग्राम निनोरा में 12 से 14 मई तक होगी। संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत और स्वामी अवधेशानंद, दूसरे दिन के सत्र में सद्गुरु जग्गी वासुदेव और स्वामी रामदेव मुख्य अतिथि रहेंगे। समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे।
मुख्यमंत्री ने संगोष्ठी के गरिमामय आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्राचीन भारतीय संस्कृति के विकास तथा मध्यप्रदेश के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाए। कार्यक्रम में भारत स्थित सभी राजदूतों को आमंत्रण दिया जाए और आयोजन के लिए स्थानीय प्रतिनिधित्व शामिल करते हुए स्वागत समिति बनाई जाए।
बैठक में बताया गया कि संगोष्ठी में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न विषय के विद्वान शामिल होंगे। संगोष्ठी के दौरान कृषि, ग्रामोद्योग, बेटी बचाओ अभियान और नारी शक्ति, ग्लोबल वार्मिग और जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं अध्यात्म और स्वच्छता अभियान पर केंद्रित विभिन्न समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री सुरेंद्र पटवा, सांसद अनिल दवे, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति बी़ क़े कुठियाला, मेपकस्ट के महानिदेशक प्रमोद वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath