उज्जैन : महिदपुर में सांप्रदायिक हिंसा के बाद निषेधाज्ञा लागू

उज्जैन, 2 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर में एक शातिर बदमाश का मुंह काला करके, कथित तौर पर जूते मारते हुए पुलिस द्वारा जुलूस निकालने से गुस्साए एक समुदाय के लोग शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान बंद कर प्रशासन को ज्ञापन सौपने जा रहे थे, तभी उनका दूसरे समुदाय के लोगों से सामना हो गया। दोनों ओर से पथराव हुआ। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है।

उज्जैन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक वी. मधुकुमार ने आईएएनएस से कहा, “हालात को काबू करने के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। पथराव में चार पुलिस जवानों सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं। अब हालात काबू में है।”

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार को एक शातिर बदमाश कादिर का मुंह काला कर जीप पर बैठाकर कथित तौर पर जूते मारते हुए जुलूस निकाला था। इस मामले में एक उप निरीक्षक और चार पुलिस वालों को निलंबित कर दिया गया है।

एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि पुलिस के इस कृत्य के खिलाफ मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध दर्ज कराया और शुक्रवार को वे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे, तभी उनका सामना दूसरे समुदाय से हो गया। इस पर दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ, कई स्थानों पर तोड़फोड़ हुई। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493