उज्जैन में निकली महाकाल की सवारी

उज्जैन, 10 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रावण मास के पहले सोमवार को बाबा महाकाल की विशाल ध्वजा के साथ सवारी (शोभायात्रा) निकली। सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने भगवान महाकाल को सलामी दी। इस नगर भ्रमण में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

महाकाल का मंदिर के सभामंडप में विधिवत पूजन-अर्चन करने के बाद पालकी में विराजित बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकले। भगवान महाकाल की पालकी के नगर भ्रमण के रवाना होने के पूर्व संभागायुक्त एम़ बी़ ओझा, एडीजीपी वी़ मधुकुमार, कलेक्टर संकेत भोंडवे, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह वर्मा पूजन-अर्चन में शामिल हुए और पालकी को कंधा देकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। विधिवत पूजन-अर्चन पुजारी पं़ घनश्याम शर्मा ने संपन्न कराई।

पालकी जैसे ही महाकालेश्वर मंदिर के मुख्यद्वार पर पहुंची, मध्यप्रदेश सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने भगवान महाकाल को सलामी दी। इसके बाद पालकी नगर भ्रमण को रवाना हुई। सवारी मार्ग में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल को पुष्प अर्पित कर दर्शन किए। कलेक्टर भोंडवे सवारी मार्ग में पालकी के आगे झांझ बजाते हुए चल रहे थे।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, महाकालेश्वर की सवारी महाकाल मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। रामघाट पर भगवान का मां क्षिप्रा के जल से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई।

पूजन-अर्चन के बाद भगवान महाकाल की सवारी रामघाट से रामानुज कोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर पहुंची, जहां परंपरानुसार सिंधिया स्टेट की ओर से गोपाल मंदिर के पुजारी के द्वारा भगवान महाकाल का पूजन किया गया। इसके बाद सवारी गोपाल मंदिर से पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए अपने निर्धारित समय पर महाकाल मंदिर पहुंची।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493