तिरुवनंतपुरम, 13 जून (आईएएनएस)। बंबई उच्च न्यायालय द्वारा सोमवार को शाहिद कपूर अभिनीत फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ को सिर्फ एक कट के साथ रिलीज करने के आदेश का केरल के फिल्मकारों ने स्वागत किया है।
अदालत ने अपने फैसले में फिल्म को बड़ी राहत देते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की पुनरीक्षण समिति की ओर से प्रस्तावित 13 कट पर रोक लगा दी और एक कट एवं तीन वैधानिक चेतावनियों (डिस्क्लेमर) के साथ फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया।
केरल के लोकप्रिय फिल्म निर्देशक कमल ने यहां संवाददाताओं से कहा, “यह पूरा विवाद व्यर्थ था। सेंसर बोर्ड अनावश्यक दखल दे रहा है। मैं खुश हूं कि अदालत ने हस्तक्षेप कर फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया है।”
फिल्मकार सिजो कन्नानाईकल ने कहा, “यह काफी अजीब बात है कि फिल्म को बनाने के लिए लगी इतनी मेहनत के बाद अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है।”
‘कथकली’ फिल्म में कुछ दृश्यों के लिए कन्नानाईकल का सीबीएफसी के साथ विवाद चल रहा है।
कन्नानाईकल से फिल्म को प्रमाणपत्र दिलवाने के लिए कुछ दृश्यों को हटाने के लिए कहा गया है।
dharmpath.com dharmpath