मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। बंबई उच्च न्यायालय द्वारा एक कट के साथ ‘उड़ता पंजाब’ की रिलीज का रास्ता साफ करने के बाद इसके निर्देशक अभिषेक चौबे ने कहा कि उन्हें ‘बहुत बड़ी राहत’ मिली है।
अभिषेक ने यहां संवाददाताओं को बताया, “बहुत बड़ी राहत मिली है। तय समय पर फिल्म के रिलीज होने पर नजर है।”
‘उड़ता पंजाब’ के सह-निर्माता अनुराग कश्यप के अधिवक्ता ने कहा कि यह जीत बहुत अहम है, क्योंकि फिल्म एक प्रासंगिक कहानी कहती है।
अधिवक्ता ने कहा, “फिल्म पंजाब में जो हो रहा है, उसे देखते हुए प्रासंगिक है। हमारी जीत मुख्य रूप से पंजाब पर आधारित हमारी फिल्म की जीत है और हम इस बात से बच नहीं रहे हैं। यही वजह है कि हमने अदालत की शरण ली थी।”
अभिषेक चौबे निर्देशित ‘उड़ता पंजाब’ में शाहिद कपूर, आलिया भट्ट, करीना कपूर और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में हैं।
dharmpath.com dharmpath