मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। बेबाकी से राय रखने के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सिनेमा को समाज का आईना बता ‘उड़ता पंजाब’ के निर्माताओं को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा है कि सारे विवाद में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की भूमिका ‘चौंकाने’ वाली है।
अभिषेक चौबे निर्देशित ‘उड़ता पंजाब’ नशे की समस्या से जूझ रहे पंजाब का चित्रण है। निर्माता सीबीएफसी के अध्यक्ष पहलाज निहलानी के इसमें कई कट लगाने के ‘बेजा’ सुझाव के खिलाफ एकजुट हो गए हैं और मामले ने तूल पकड़ लिया है।
अनुपम ने गुरुवार रात ट्विटर पर लिखा, “उड़ता पंजाब’ विवाद में सीबीएफसी की भूमिका सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है। सिनेमा समाज का आईना है। कई बार हालात का चित्रण बदलाव ला सकता है।”
फिल्म में शाहिद कपूर, करीना कपूर, आलिया भट्ट व दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath