श्रीनगर, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तरी कश्मीर के बारामुला और कुपवाड़ा जिलों में मंगलवार को सुरक्षा बलों और घुसपैठ का प्रयास कर रहे आतंकवादियों के बीच गोलीबारी के दो अभियानों में 10 आतंकवादी मारे गए और सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
रक्षा सूत्रों ने कहा कि उड़ी सेक्टर के लच्छीपुरा इलाके में नियंत्रण रेखा पर जारी अभियान में घुसपैठ का प्रयास कर रहे 10 आतंकवादी मारे गए, जहां पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के दौरान भारी हथियारों से लैस 15 आतंकवादियों ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की।
एक रक्षा सूत्र ने कहा, “घुसपैठी आतंकवादियों के खिलाफ लच्छीपुरा अभियान अभी भी जारी है।”
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक अन्य अभियान में एलओसी के पास कुपवाड़ा जिले में स्थित नौगांव इलाके में सुरक्षा बलों ने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक समूह को चुनौती दी।
पुलिस सूत्र ने कहा, “चुनौती देने पर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ में सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।”
पुलिस सूत्र ने कहा, “नौगांव इलाके में पांच-छह आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है।”
उड़ी में दो दिनों पहले हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच घुसपैठ का यह नवीनतम प्रयास किया गया है। भारत ने इसके लिए पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया है।
हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों का खंडन किया है।
वहीं भारतीय सेना ने कहा है कि उसे उड़ी में सैन्य शिविर में तलाशी अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद, खाद्य सामग्री और दवाइयों के पैकेट मिले हैं, जिन पर पाकिस्तानी छाप है।
सेना ने कहा है कि यह पाकिस्तान का भारत में अशांति फैलाने का प्रयास है।
dharmpath.com dharmpath