उड़ी (जम्मू एवं कश्मीर), 20 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने मंगलवार को पाकिस्तान से हो रही गोलीबारी के बीच जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने की कोशिश कर रहे घुसपैठियों पर जवाबी गोलीबारी करके कम से कम आठ आतंकवादियों को मार गिराया।
यह गोलीबारी उड़ी में सेना के शिविर पर भीषण आतंकवादी हमले के दो दिनों बाद की गई। रविवार के इस आतंकी हमले में 18 जवान शहीद हो गए थे।
सेना के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “यह घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश थी।”
सूत्र ने कहा, “यह स्पष्ट हो गया है कि घुसपैठियों को पाकिस्तान से निर्देश दिया जा रहा था। भारतीय जवानों ने गोलीबारी का जवाब दिया और सीमा पार से हो रही हर हलचल पर पूरी नजर रखी। सशस्त्र घुसपैठियों के एक समूह को तत्काल देख लिया गया।”
सूत्र ने कहा, “कम से कम 15 आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी। उनमें से पांच को ढेर कर दिया गया।”
और कम से कम सात आतंकवादियों और भारतीय जवानों के बीच गोलीबारी जारी है।
सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सीमावर्ती इलाके के लच्छीपुरा और बोनियार गांवों पर छोटे और स्वचालित हथियारों से की गई गोलीबारी से भारतीय चौकियों को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
गोलीबारी अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच 2003 के संघर्ष विराम करार का उल्लंघन है।
सेना ने कहा है कि यह पाकिस्तान का भारत में अशांति फैलाने का प्रयास है।
dharmpath.com dharmpath