देहरादून, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने के बाद रविवार को कहा कि यदि उसे राज्य में सरकार गठन का मौका मिलता है तो वह इसकी संभावनाएं तलाशेगी।
भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एक टीवी चैनल से कहा कि उत्तराखंड की समस्या कांग्रेस नेतृत्व व राज्य के इसके नेताओं की देन है।
उन्होंने कहा, “यह पार्टी की कमजोरी, नेताओं की निराशा तथा राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार का परिणाम है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा को राज्य में सरकार गठन का अवसर मिलता है तो वह इसकी संभावनाओं तथा विकल्पों की तलाश करेगी।
कांग्रेस के बागी विधायकों में से एक राज्य के पूर्व कृषि मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा, “यह बात मायने नहीं रखती कि राज्य में अगली सरकार कौन बनाएगा। हम उत्तराखंड के लोगों के लिए केवल सुशासन चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री आवास भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया था और अब राज्य भ्रष्ट सरकार के चंगुल से आजाद है। हम अगली रणनीति बनाएंगे।”
उत्तराखंड के अस्तित्व में आने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया है।
dharmpath.com dharmpath