उत्तराखंड : हेमंत ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया

पिथौरागढ़, 25 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए उत्तराखंड के ब्रांड एम्बेस्डर अभिनेता हेमंत पांडे ने बुधवार को यहां इस अभियान की विधिवत शुरुआत की।

हेमंत ने पाभे गांव के स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, “लड़कों के अस्तित्व के लिए लड़कियों का होना आवश्यक है। यदि लड़कियां नहीं रहेंगी तो हम अपने घरों में बहू कहां से लाएंगे।”

हेमंत ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि लिंगानुपात के मामले में यह गांव पूरे देश में मिसाल बनना चाहिए, और इसके लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि लिंग की जांच कराने और करने वाले के बारे में सूचना देने वाले को वह अपने पास से 2100 रुपये इनाम देंगे।

ब्रांड एम्बेस्डर हेमंत ने कहा कि वह राज्य में ब्लॉक स्तर पर जाएंगे, और लोगों को लड़कियों को बचाने के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जल्द ही लिंगानुपात के मामले में देश में मिसाल बनेगा।

उल्लेखनीय है कि पाभे गांव हेमंत का गांव है, जहां वह पैदा हुए थे, और उनका बचपन वहीं पर बीता है।

उन्होंने कहा कि अपने गांव से इस अभियान का शुभारंभ कर उन्हें बहुत गर्व हो रहा है।

पिथौरागढ़ के एसडीएम अनुराग आर्य ने कहा, “हेमंत पांडे ने इस अभियान की शुरुआत के लिए पाभे गांव को चुना। हम इसके लिए उनके बहुत आभारी हैं। यहां का लिंगानुपात बहुत खराब है। यहां 1000 लड़कों पर लड़कियों की संख्या 500 है।”

उन्होंने कहा कि तीन साल पहले पिथौरागढ़ जिले का लिंगानुपात भी बहुत खराब था, लेकिन प्रशासन, गैर सरकारी संगठनों के सम्मिलित प्रयास से आज यहां 1000 लड़कों पर लड़कियों की संख्या 950 हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय भट्ट ने इस अभियान की अगुवाई करने के लिए हेमंत पांडे का आभार प्रकट किया।

भट्ट ने आईएएनएस से कहा, “अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद हेमंत पांडे ने इस अभियान के लिए समय निकाला है, इसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं। हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभियान को उत्तराखंड में सफल बनाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493