संयुक्त राष्ट्र, 2 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बुधवार को डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिकन ऑफ कोरिया (डीपीआरके) पर नए प्रतिबंध लगाने संबंधी एक प्रस्ताव पर वोट करना है। यह कदम डीपीआरके के जनवरी में चौथा परमाणु परीक्षण किए जाने के बाद उठाया जा रहा है।
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष इस्माइल गैस्पर मार्टिस ने मंगलवार को परिषद की मार्च की कार्ययोजना की संक्षिप्त जानकारी देने के दौरान कहा, “हमें बुधवार को इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। परिषद के सदस्य राष्ट्र अब इस पर चर्चा, मंत्रणा करेंगे और देखेंगे कि प्रत्येक देश इस प्रस्ताव में कैसे फिट बैठता है।”
इससे पूर्व, राजनयिकों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर वोट बुधवार सुबह 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) कराया जाना है।
अमेरिका ने पिछले सप्ताह परिषद के 15 सदस्य राष्ट्रों के बीच मसौदा प्रस्ताव रखा था, जिसका उद्देश्य डीपीआरके के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए उस पर नए प्रतिबंध लगाना है।
मार्टिस ने यह भी कहा कि चीन ने उत्तर कोरिया को ‘धीरे-धीरे इस स्थिति से बाहर निकालने’ के लिए सक्रिय बातचीत में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने में भूमिका निभाई। हालांकि इस दिशा में और भी प्रयास करने की जरूरत है।
उत्तर कोरिया ने जनवरी में अपना चौथा परमाणु परीक्षण किया। उसने इससे पहले 2006, 2009 और 2013 में तीन परमाणु परीक्षण किए थे।
डीपीआरके के पहले परमाणु परीक्षण के बाद सुरक्षा परिषद ने उस पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक प्रस्ताव लाया था और एक प्रतिबंध समिति बनाई थी।
dharmpath.com dharmpath