नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ताप बिजली घरों को केंद्र सरकार समुचित कोयला आपूर्ति कर रही है। यह बात गुरुवार को केंद्रीय बिजली, कोयला, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कही।
गोयल ने कहा, “हम उत्तर प्रदेश को 100 फीसदी सहयोग दे रहे हैं और राज्य को कोयला तथा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रहे हैं।”
उन्होंने फेसबुक पर एक सवाल के जवाब में कहा, “कोयले की कमी की समस्या अब दूर हो गई है और उत्तर प्रदेश के ताप बिजली घरों में 10-40 दिनों के लिए कोयला मौजूद है।”
गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार की कंपनियों से भी बिजली खरीद सकता है।
उन्होंने कहा, “मैं वाराणसी का दौरा करूंगा और एकीकृत बिजली विकास योजना के लिए अवसंरचना सुधार के लिए काम शुरू करूंगा।”
गोयल ने कहा कि सरकार ने अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर आम बिजली बल्ब हटाकर एलईडी बल्ब लगा दिए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर और पूर्वी भारत में पारेषण नुकसान काफी अधिक है और बिहार में यह 40 फीसदी से ऊपर है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर नुकसान झेल रही डिस्कॉम की स्थिति सुधारने के लिए काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों पर जोर दिए जाने के कारण देश की ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी और इससे पर्यावरण को नुकसान भी घटेगा।
dharmpath.com dharmpath