उत्तर प्रदेश में उपचुनाव में हिस्सा लेगी एआईएमआईएम

हैदराबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने सोमवार को ऐलान किया कि वह उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में हिस्सा लेगी।

पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि उनकी पार्टी बीकापुर और मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव में प्रत्याशी उतारेगी।

उपचुनाव एक-दो महीने में हो सकते हैं। इन दोनों ही सीटों पर चुनाव समाजवादी पार्टी के विधायकों के निधन की वजह से होना है।

ऐसा लग रहा है कि 2017 में उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव से पहले एआईएमआईएम यह देखना चाह रही है कि राज्य में वह कितने पानी में है।

एआईएमआईएम के तेलंगाना में सात विधायक हैं। बीते साल महाराष्ट्र में दो सीट जीतकर पार्टी ने वहां अपना खाता खोला था।

पार्टी जोरशोर से पूरे देश में अपने पांव फैलाने की नीति पर काम कर रही है। वह पिछले एक साल से उत्तर प्रदेश में अपना आधार मजबूत करने में लगी हुई है।

ओवैसी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने 12 बार उन्हें जनसभा करने की अनुमति देने से मना कर दिया।

ओवैसी ने कहा, “मुलायम सिंह हमें इजाजत नहीं देते। मैं देखूंगा कि वह मुझे तब कैसे रोकेंगे जब देश के चुनाव आयोग के तहत प्रदेश में चुनाव होगा।”

ओवैसी मुजफ्फरनगर दंगों के लिए सपा सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के एक गांव में एक मुस्लिम की हत्या के मामले में भी उन्होंने सपा सरकार को आड़े हाथ लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493