लखनऊ, 9 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में सोमवार सुबह धुंध रही और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी एक-दो दिनों में तापमान में और गिरावट आने के आसार जताए हैं।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है। सुबह में घना कोहरा रहने लगा है। वातावरण में नमी बढ़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
लखनऊ के अलावा वाराणसी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर में 22 डिग्री, गोरखपुर में 19.3 डिग्री और इलाहाबाद में 23 डिग्री सल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath