लखनऊ, 31 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह तेज धूप रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप रहेगी। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी। बूंदाबांदी की सम्भावना नहीं है। 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, कानपुर में 20.4 डिग्री, गोरखपुर में 22.2 डिग्री, इलाहाबाद में 23 डिग्री और झांसी में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath