लखनऊ, 1 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अधिकांश जिलों में शुक्रवार सुबह से ही शीतलहर है, जिससे ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कमी आने के असार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में शीतलहर का असर दिखाई देगा। दोपहर बाद हल्की धूप निकलेगी, लेकिन शाम होते ही धुंध का असर प्रभावी होगा। अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आएगी तथा शीतलहर का असर अधिक होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा शुक्रवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान छह डिग्री, कानपुर का 5.3 डिग्री, गोरखपुर का चार डिग्री, इलाहाबाद का 5.6 डिग्री और झांसी का 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath